
जबलपुर। महाराणा प्रताप वार्ड अंतर्गत परसवाड़ा स्थित अवैध तरीके से विकसित की जा रही कॉलोनी पर बुधवार को नगर निगम प्रशासन की जेसीबी गरजी। अवैध कॉलोनी के निर्माणकर्ताओं ध्रुव भोला एवं रूपेश तिवारी पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए 65 लाख रुपये की शासकीय अतिक्रमण मुक्त कराई। कार्रवाई के दौरान हडक़ंप मचा रहा। नगर निगम की कॉलोनी सेल एवं अतिक्रमण दस्ते ने कार्रवाई करते हुए लगभग 900 वर्गमीटर बेशकीमती शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त कराया है।
पहुंच मार्ग के लिए हुआ था अनाधिकृत निर्माण-
कॉलोनी सेल प्रभारी सुनील दुबे ने बताया कि वार्ड क्रमांक 16 महाराणा प्रताप वार्ड, मौजा परसवाड़ा स्थित खसरा नंबर 118/1/1 एवं 118/1/2 की भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। उसके पहुंच मार्ग के लिए शासकीय खसरा नंबर 118/2 की भूमि पर अनाधिकृत निर्माण किया गया था।
नोटिस, दस्तवेज पेश नहीं किए तो हुई कार्रवाई
अवैध कॉलोनी के निर्माणकर्ताओं ध्रुव भोला एवं रूपेश तिवारी को पूर्व में नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। वैधानिक स्वीकृति दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर नगर निगम की कॉलोनी सेल एवं अतिक्रमण दस्ते ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 900 वर्गमीटर बेशकीमती शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त कराया है। प्रशासन ने निष्पक्ष रूप से मार्ग व अवैध ढांचे को हटाने की कार्रवाई की। कार्यवाही के दौरान कॉलोनी सेल प्रभारी सुनील दुबे, कॉलोनी सेल की टीम तथा अतिक्रमण शाखा कर्मचारी उपस्थित रहे।
