
इंदौर. चंदन नगर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में बेकाबू हाथी के हमले से ऑटो चालक की मौत हो गई. राजनगर पुलिस चौकी के पास हाथी को गुड़ खिला रहे चालक को हाथी ने अचानक सूंड से उठाकर कई फीट दूर पटक दिया और फिर पैर से कुचल दिया. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए चालक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. घटना का वीडियो रविवार को सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया.
मृतक की पहचान विजय उर्फ लक्ष्मण राव होलकर उम्र 49 साल के रूप में हुई है. शनिवार शाम करीब 4.18 बजे वह राजनगर पुलिस चौकी के पास खड़े हाथी को गुड़ खिला रहे थे, इसी दौरान हाथी अचानक उग्र हो गया. उसने विजय को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर उनके ऊपर पैर रख दिया. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह हाथी को हटाया और घायल विजय को पहले जिला अस्पताल, बाद में वर्मा यूनियन अस्पताल पहुंचाया, जहां शाम करीब 7.30 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. जांच में सामने आया है कि हाथी को उज्जैन से जैन समाज के एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदौर लाया गया था. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुछ महावत हाथी को लेकर इलाके में घूम रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया. घटना के बाद पुलिस ने महावत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
हाथी के संबंध में इंदौर चिड़ियाघर प्रबंधन को भी सूचना दी गई है. पुलिस को प्रारंभिक जांच में यह जानकारी भी मिली है कि घटना के समय विजय के शराब के नशे में होने की आशंका है. हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी.
परिस्थितियों की जांच की जा रही है…
हाथी के हमले में घायल ऑटो चालक विजय उर्फ लक्ष्मण राव होलकर की उपचार के दौरान मौत हो गई. मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है, महावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. हाथी को इंदौर लाने और घटना की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है. मृतक के नशे में होने की जानकारी मिली है, जिसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
चंदन नगर थाना प्रभारी, तिलक करोले
