
चिचोली। मध्य प्रदेश की मोहन सरकार जहां प्रदेशभर में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा करती है, वहीं जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। चिचोली विकासखंड के ग्राम बारंगबाड़ी में ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
बिजली नहीं होने से गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। वहीं नल-जल योजना भी बंद पड़ी है, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अपने मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए दूसरे गांवों का सहारा लेना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली कंपनी के अधिकारियों ने अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला। उल्टा अधिकारी बिजली बिल जमा कराने का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचते नजर आ रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। अब मीटर वाचक बार-बार उपभोक्ताओं को फोन लगा रहे हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जला हुआ ट्रांसफार्मर तत्काल बदला जाए और बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जाए, ताकि लोगों को अंधेरे और पेयजल संकट से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे बिजली कंपनी के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
