
भौंरा। शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सालीमेट में फरवरी माह में हुई लगभग पांच लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात तथा वारदात में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी अथवा सूचना देने वाले के लिए पुलिस अधीक्षक बैतूल ने ₹10 हजार के पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार 18 फरवरी 2026 की शाम ग्राम सालीमेट निवासी रश्मि धुर्वे के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने घर में प्रवेश किया था। आरोपियों ने आलमारी सहित अन्य ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली थी। मामले में थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3) एवं 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी भौंरा नीरज खरे एवं उपनिरीक्षक भरतनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट और डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए गए। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की तलाश की गई।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे एवं एसडीओपी शाहपुर राजेश तिवारी के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने लगातार तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नरसिंहपुर जिले के ग्राम भटेरा निवासी जितेन्द्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने छिंदवाड़ा जिले के कृष्ण कुमार चौरे उर्फ बबलू के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात एवं वारदात में प्रयुक्त कार सहित लगभग पांच लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया है। फरार आरोपी कृष्ण कुमार चौरे उर्फ बबलू की तलाश जारी है। उसकी गिरफ्तारी अथवा सूचना देने वाले के लिए 10 हजार के इनाम की घोषणा की गई है।
