खंडवा: (राजू पटेल) जिले में नीट पेपर लीक और सोनम वांगचुक के अनशन के समर्थन का मामला एक शिक्षक पर भरी पड़ गया। आदिवासी बाहुल्य खालवा क्षेत्र के पटाजन स्थित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में छात्राओं द्वारा सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की गई अपील का वीडियो वायरल होते ही प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। इस मामले में सीधे तौर पर स्कूल के प्राचार्य संदीप यादव को निलंबित कर दिया गया है।
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब स्कूल प्रांगण में आदिवासी छात्राओं ने हाथों में सोनम वांगचुक की तस्वीर लेकर सामूहिक प्रार्थना की। छात्राओं ने पीएम मोदी से अपील करते हुए कहा था कि वे वांगचुक जी की बात मान लें ताकि उनका अनशन जल्द समाप्त हो सके। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब तीन दिन पुराना है, जिसे हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक माधव झा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कड़ी आपत्ति जताई थी। वीडियो में छात्राओं के साथ जयस नेता अमरसिंह सिलाले भी नजर आ रहे हैं, जो बच्चियों से यह प्रार्थना करवा रहे थे। वीडियो सामने आते ही शासन स्तर पर हड़कंप मच गया और इंदौर कमिश्नर डॉ सुदाम खाड़े ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राचार्य पर निलंबन की गाज गिरा दी।
दिलचस्प बात यह है कि जनसंपर्क विभाग ने इस निलंबन की मुख्य वजह छात्राओं की इस अपील को नहीं, बल्कि स्कूल में मिली ‘अनियमितताओं’ को बताया है। आधिकारिक बयान के अनुसार, हरसूद एसडीएम की जांच कमेटी ने स्कूल में कई खामियां पाई थीं, जिसकी रिपोर्ट कलेक्टर ऋषव गुप्ता को भेजी गई थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर कमिश्नर ने यह कार्रवाई की है। प्राचार्य यादव के निलंबन के बाद अब स्कूल का प्रभार वरिष्ठ शिक्षक हरीश कुमार रजक को सौंप दिया गया है।
इस बीच, स्कूल परिसर में यह राजनीतिक और सामाजिक आयोजन करवाने वाले जयस नेता अमरसिंह सिलाले के खिलाफ भी प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के लिए रोशनी पुलिस चौकी में शिकायत की गई है। चौकी प्रभारी के अनुसार, मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में है और उनके मार्गदर्शन में पूरी जांच के बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
