
दमोह। शहर के हृदयस्थल घंटाघर स्थित श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ स्वामी की वापसी यात्रा बहुड़ा यात्रा का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया।सुबह से दोपहर तक मंदिर परिसर में पूजन, हरि नाम संकीर्तन और भव्य भंडारे का आयोजन हुआ। मंदिर कमेटी के सदस्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालु ब्राह्मण बंधुओं ने भाग लिया।पंडित गोविंद प्रसाद दुबे, राम दुबे और लखन दुबे ने बताया कि इस अवसर पर पंडित नीलमणि दीक्षित जी ने भगवान जगन्नाथ जी की महिमा का वर्णन किया। भजन-कीर्तन के साथ जगन्नाथ कथा का पाठ भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
वहीं पुराना थाना स्थित श्री जगदीश स्वामी मंदिर से भी बहुड़ा यात्रा निकाली गई। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मालती असाटी के शिवनगर स्थित निज निवास पर भगवान का पूजन-अर्चना के बाद डीजे और बैंड-बाजे की धुनों के साथ वापसी यात्रा निकाली गई और विधिवत पूजन-अर्चन किया गया।