
खंडवा। ओंकारेश्वर के गौमुख घाट स्थित केवलराम घाट पर शुक्रवार दोपहर एसडीईआरएफ और होमगार्ड जवानों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। हरियाणा से दर्शन और स्नान के लिए आए चार श्रद्धालुओं में से एक युवक गहरे पानी में डूबने लगा, जिसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार हरियाणा निवासी रोहित चौहान (30) स्नान के दौरान अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर तैनात एसडीईआरएफ के जवान उदय सिंह सोलंकी ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस दौरान स्थानीय युवक कान्हा फोटोग्राफर ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। दोनों के संयुक्त प्रयास से श्रद्धालु को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड आशीष कुमार कुशवाहा ने बताया कि ओंकारेश्वर के सभी प्रमुख घाटों पर तैनात एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड जवानों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे घाटों पर लगे चेतावनी संकेतों का पालन करें, सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का सम्मान करें और गहरे या प्रतिबंधित क्षेत्रों में स्नान करने से बचें।
