
पिपलियामण्डी। सेना को लेकर प्रदेश के डिप्टी सीएम व मल्हारगढ से विधायक जगदीश देवड़ा के द्वारा की गई कथित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश भर में जगदीश देवड़ा का पुतला दहन करने का आव्हान किया था। लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र के नगर मल्हारगढ व बूढा में विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी हो गए। दोनों दल के कार्यकर्ताओ ने नारेबाजी की, बाद में छीना झपटी होने लगी। बात हाथापाई तक पहुँच गई। दोनों जगह पुलिस ने बीच – बचाव किया। बूढा में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वरलाल धाकड़ के साथ मारपीट हुई उनके कपड़े फाड़ दिए। वही मल्हारगढ में भी पुतला लेकर आने वाले कार्यकर्ता को पुलिस पकड़कर थाने ले गई। भाजपा के भी सामने आकर विरोध करने से कांग्रेस कार्यकर्ता डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का पुतला दहन नही कर पाए।
