इटारसी। लंबे समय से निष्क्रिय पड़े नटराज कला केंद्र का एक बार फिर पुनः शुभारंभ किया जा रहा है। शहर की सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान देने और बच्चों व युवाओं की प्रतिभा को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह केंद्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर शुरू हो रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता मनीष सिंह ठाकुर ने बताया कि इस बार की विशेषता यह है कि इटारसी के ही सुप्रसिद्ध कोरियोग्राफर भगवान सिंह ठाकुर गुड्डू भैया, जो देश-विदेश में नाम कमा चुके हैं, स्वयं हर सप्ताह दो दिन यहां उपस्थित रहकर नृत्य और संगीत की बारीकियां सिखाएंगे।
पूर्व में भी उन्होंने सैकड़ों बच्चों को नृत्य की कला में निपुण बनाया था और अनेक सांस्कृतिक आयोजन कराए थे, जिससे शहर में कला का उत्साहपूर्ण माहौल बना था। उनके भोपाल चले जाने से यह गतिविधियां थम गई थीं, लेकिन अब केंद्र फिर से जीवंत हो रहा है।
केंद्र में नृत्य एवं संगीत प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था की गई है, जहां बच्चों को अपनी कला निखारने के साथ-साथ मंच पर प्रदर्शन कर आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर भी मिलेगा। शहरवासी इस पहल को इटारसी के सांस्कृतिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानते हुए उत्साहित हैं।
