मैड्रिड, 24 जुलाई (वार्ता) स्पेन में विवाह दर में कमी और लिव-इन में रहने के बढ़ते रुझान के बीच तलाक के मामलों में गिरावट दर्ज की गयी है ,वहीं तलाक के बाद बच्चों के पालन-पोषण के मामले में भी बड़ा बदलाव आया है, जहां माताओं के अकेले अधिकार को पीछे छोड़ते हुए अब माता-पिता दोनों की ‘संयुक्त जिम्मेदारी’ सबसे पसंदीदा विकल्प बनकर उभरी है। राष्ट्रीय सांख्यिकी संस्थान के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में देश भर में कुल 83,683 वैवाहिक अलगाव दर्ज किये गये, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.7 फीसदी कम हैं। जानकारों का मानना है कि शादी से पहले लिव-इन में साथ रहने और अधिक परिपक्व उम्र में शादी करने से रिश्तों में स्थिरता आयी है।
कुल मामलों में 96.5 फीसदी तलाक, 3.4 फीसदी अलगाव और 0.1 फीसदी शादियों को रद्द करने के मामले शामिल हैं। रिपोर्ट में सबसे बड़ा बदलाव बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर देखा गया है, जहां वर्षों से चला आ रहा पारंपरिक ढर्रा बदल गया है और अब माताओं के अकेले अधिकार (45.3 फीसदी) को पीछे छोड़ते हुए दोनों माता-पिता की संयुक्त जिम्मेदारी (50.8 फीसदी) सबसे लोकप्रिय विकल्प बन गयी है।
अधिकतर जोड़ों ने अदालती लड़ाई के बजाय आपसी सहमति से अलग होना चुना। कुल तलाकों में से 80.5 फीसदी मामले बिना किसी विवाद के सुलझाये गये, जबकि केवल 19.5 फीसदी मामलों में असहमति के कारण अदालती कार्यवाही की आवश्यकता पड़ी। तलाक को औपचारिक रूप देने के लिए नोटरी के समक्ष सार्वजनिक विलेख का जरिया (15.9 फीसदी) लगातार लोकप्रिय हो रहा है। इसके अलावा समलैंगिक जोड़ों के बीच भी 2,221 तलाक दर्ज किये गये (कुल का 2.7 फीसदी), जिनमें पुरुषों (995) की तुलना में महिलाओं (1,226) के बीच तलाक के मामले अधिक रहे।
आंकड़ों के मुताबिक, शादी टूटने का औसत समय 16.2 वर्ष रहा और लगभग एक-तिहाई मामले (31.2 फीसदी) ऐसे वैवाहिक संबंधों के थे, जो 20 वर्ष या उससे अधिक समय तक चले। तलाक लेने वालों की औसत उम्र में लगातार वृद्धि हो रही है, जो पुरुषों के लिए 49.1 वर्ष और महिलाओं के लिए 46.6 वर्ष दर्ज की गयी। 40-49 वर्ष का आयु वर्ग तलाक लेने वालों में सबसे आगे रहा। स्त्री-पुरुष विवाह तलाकों में 80.4 फीसदी जोड़े स्पेनिश मूल के थे, जबकि शादी से पहले अधिकतर लोग अविवाहित थे और केवल 9-10 फीसदी लोग ही पहले से तलाकशुदा थे। बच्चे और गुजारा भत्ता के मोर्चे पर देखा जाये तो 47.1 फीसदी जोड़ों के कोई बच्चे नहीं थे। बच्चों वाले मामलों में 53.7 फीसदी तलाकों में बाल भरण-पोषण तय किया गया, जिसमें 52.1 फीसदी मामलों में भुगतान का जिम्मा पिता पर और 44.1 फीसदी में माता-पिता दोनों पर संयुक्त रूप से आया। तलाक के केवल 6.4 फीसदी मामलों में ही क्षतिपूर्ति भत्ता तय किया गया, जिनमें से 91.4 फीसदी मामलों में भुगतान करने का जिम्मा पति पर आया। गौरतलब है कि वैश्विक तुलना में स्पेन में तलाक का अनुपात दुनिया के कई अन्य पश्चिमी देशों की तुलना में स्पेन में काफी कम है।

