नयी दिल्ली, 23 जुलाई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को पश्चिमी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में ‘डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन एवं सेकेंडरी ट्रांसपोर्टेशन’ परियोजना का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्रीमती गुप्ता ने अत्याधुनिक तकनीक से लैस कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल कचरा उठाना नहीं, बल्कि एक आधुनिक, तकनीक आधारित, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली विकसित करना है। यह नयी व्यवस्था घर-घर से कचरा संग्रहण को अधिक प्रभावी, समयबद्ध और जवाबदेह बनायेगी तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर दिल्ली के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।
उन्होंने कहा कि पहले नगर निगम के समक्ष पर्याप्त संसाधनों और आधुनिक उपकरणों का अभाव था। कचरा संग्रहण वाहनों की कमी, जर्जर ढलाव और सीमित मशीनरी के कारण स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती थी।
अब इन कमियों को दूर करते हुए आधुनिक कम्पैक्टर युक्त ट्रांसफर स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं, जो न केवल तकनीकी रूप से सक्षम हैं बल्कि देखने में भी आकर्षक हैं। यह व्यवस्था केवल पश्चिमी दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि चरणबद्ध तरीके से पूरी दिल्ली में लागू की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ, हरित और विकसित दिल्ली का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों से घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था का सहयोग करने, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक तकनीक, मजबूत बुनियादी ढांचे और जनसहभागिता के समन्वय से दिल्ली देश की सबसे स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित राजधानी के रूप में स्थापित होगी।
दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि पश्चिमी दिल्ली में डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन एवं सेकेंडरी ट्रांसपोर्टेशन परियोजना स्वच्छता व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना के माध्यम से घर-घर से समयबद्ध कचरा संग्रहण, आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी और बेहतर शिकायत निवारण व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में स्वच्छ, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक वाहनों, स्मार्ट मॉनिटरिंग और बेहतर बुनियादी ढांचे के माध्यम से पश्चिमी दिल्ली के लाखों नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सेवाओं का लाभ मिलेगा।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस अवसर पर कहा कि दिल्ली सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि अब घरों से कचरा केवल एक बार नहीं, बल्कि सुबह और शाम, दिन में दो बार उठाया जाएगा। आधुनिक कचरा संग्रहण वाहनों और निगम की उन्नत व्यवस्था के माध्यम से राजधानी को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके लिए वह नगर निगम के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उनकी पूरी टीम को हृदय से बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली स्वच्छता और वेस्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में एक नये युग की ओर बढ़ रही है। कभी जिन सड़कों पर कूड़े के ढेर और गंदगी आम दृश्य हुआ करते थे, आज वहीं आधुनिक कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था और बेहतर नागरिक सुविधाएं दिखायी दे रही हैं। यह परिवर्तन सुशासन, दूरदर्शी नेतृत्व और जनविश्वास का प्रतीक है। दिल्ली की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल कूड़े के पहाड़ों को समाप्त करने का कार्य भी अभूतपूर्व गति से चल रहा है।

