लोन की किश्तें डकारीं, ब्रांच मैनेजर सहित 3 पर एफआईआर

जबलपुर: ग्राहकों से लोन की किश्तें वसूलकर बैंक के खाते में जमा करने के बजाय अपनी जेब में रखने वाले एक माइक्रोफाइनेंस बैंक के ब्रांच मैनेजर समेत तीन कर्मचारियों के खिलाफ कुंडम पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है । महिला लोन ऑफिसर और तत्कालीन ब्रांच मैनेजर सहित तीन कर्मियों ने मिलकर कुल 1,58,711 का गबन किया है।
जानकारी के अनुसार आरबीएल फिनसर्व लिमिटेड बैंक शाखा कुण्डम के एरिया मैनेजर पवन कुमार रजक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कुण्डम तहसील कार्यालय के सामने स्थित बैंक शाखा में लंबे समय से किश्तों की हेराफेरी चल रही थी। जब बैंक ने आंतरिक स्तर पर सघन जांच की, तो तीन फील्ड कर्मचारियों की संदेही भूमिका सामने आई । ग्रुप लोन ऑफिसर हर्षिता राजपूत ने लोन धारकों से कुल 1,07,042 वसूले थे।

शक होने पर जब उनसे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो बैंक केवल 12,574 ही वापस ले पाया, जबकि शेष 94,528 लेकर वह गायब हो गई। शाखा के पूर्व ब्रांच मैनेजर पवन कुशवाहा ने अपने कार्यकाल में ग्राहकों से 65,243 कलेक्ट किए। इनमें से महज 10,700 ही बैंक रिकॉर्ड में आए, बाकी के 54,543 मैनेजर ने खुद के उपयोग में खर्च कर दिए। एक अन्य ग्रुप लोन ऑफिसर रोशन पटेल ने क्षेत्र के गरीब लोन धारकों से 9,640 की वसूली की और पूरी की पूरी रकम डकार गया। पुलिस ने आरोपी हर्षिता राजपूत, पवन कुशवाहा और रोशन पटेल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Next Post

कुख्यात बदमाश छिंगा पर लगा रासुका

Thu Jul 23 , 2026
जबलपुर: 22 की उम्र में 13 अपराध करने वाले कुख्यात बदमाश अभिषेक पटेल उर्फ छिंगा पर रासुका की कार्रवाई कर दी गई है। पुलिस ने उसे एनएसए में गिरफ्तार केन्द्रीय जेल भेज दिया है।अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि क्राईम ब्रांच एवं अधारताल था ने की संयुक्त टीम […]

You May Like