नयी दिल्ली, 22 जुलाई (वार्ता) आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को यहाँ महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात कर नीट पेपर लीक, छात्रों के आंदोलन और देश के मौजूदा हालात पर चर्चा की।
श्री केजरीवाल ने बैठक के बाद कहा कि उनकी पार्टी युवाओं के साथ खड़ी है और युवाओं के मुद्दे ही देश के मुद्दे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन इससे आंदोलन और मजबूत होगा।
उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारी निहत्थे थे, फिर भी उन पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले दागे गये। उन्होंने कहा कि छात्र केवल परीक्षा व्यवस्था में सुधार और न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जब कई मंत्री बदले जा सकते हैं, तो शिक्षा व्यवस्था में लगातार उठ रहे सवालों के बीच शिक्षा मंत्री भी जवाबदेही तय करें।
आप नेता ने आरोप लगाया कि देश में परीक्षा प्रणाली गंभीर संकट से गुजर रही है। उनके अनुसार पेपर लीक, मूल्यांकन प्रणाली की खामियां और परीक्षा तंत्र में कथित अनियमितताओं के कारण युवाओं में व्यापक असंतोष है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 के नीट पेपर लीक मामले में कथित मास्टरमाइंड के खिलाफ समय पर आरोपपत्र दाखिल नहीं किये जाने के कारण उसे डिफॉल्ट जमानत मिल गयी। उन्होंने इसे सरकार की विफलता बताते हुए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की।
