राहुल गांधी एवं विपक्षी नेताओं पर बल प्रयोग निंदनीय : हुड्डा

चंडीगढ़ 22 जुलाई (वार्ता) हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं पर बल प्रयोग की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक और जनप्रतिनिधि का लोकतांत्रिक अधिकार है।

श्री हुड्डा ने कहा कि विद्यार्थियों और विपक्ष की मांगें पूरी तरह जायज हैं तथा देशभर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग उठ रही है।

अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में श्री हुड्डा ने आरोप लगाया कि केन्द्र की भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी पिछले करीब 12 वर्षों से पेपर लीक के मामलों को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रही है लेकिन सरकार ने न तो जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की और न ही दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई की।

उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों से संवाद करने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी।

कृषि से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ कृषि उत्पादों पर कोई भी समझौता भारत के हित में नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों से किए गए वादे पूरे करने चाहिए और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी लागू करनी चाहिए।

भाजपा द्वारा कांग्रेस मुख्यालयों पर किये जा रहे प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि यह असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास है और सरकार को पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों पर जवाब देना चाहिए।

 

Next Post

अफसरों को अपमानित करना पड़ा भारी

Wed Jul 22 , 2026
धामनोद। खुद को नगर का प्रभावशाली नेता बताकर नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों पर कथित रूप से अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणियां करना अब विष्णु पिता शोभाराम पाटीदार उर्फ “साटल्या” को भारी पड़ता नजर आ रहा है। लंबे समय से विवादित बयानों और सार्वजनिक आरोपों के कारण चर्चा में रहने […]

You May Like