जबलपुर: बीपीसीएल तेवर और एचपी घाना पंप में जांच दलों ने छापा मारते हुए जांच पड़ताल की। दरअसल सीएनजी के नाम पर उपभोक्ताओं के साथ कथित धोखाधड़ी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा जिले के छह सीएनजी पंपों की जांच के लिए अलग-अलग जांच दल गठित किए हैं।कलेक्टर कार्यालय (शिकायत शाखा) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के विभिन्न स्थानों पर संचालित आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के छह सीएनजी पंपों की तथ्यात्मक जांच की जाएगी।
जांच दलों में संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार, जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारी तथा संबंधित ऑयल कंपनी के सेल्स अधिकारी को शामिल किया गया है। जिन पंपों की जांच की जाएगी उनमें रांझी स्थित आईओसीएल सीबीजी पंप, विजयनगर स्थित एचपीसीएल पंप, महाराजपुर स्थित बीपीसीएल पंप, अंधमुख बायपास स्थित एचपीसीएल पंप, तिलवारा स्थित एचपीसीएल पंप तथा तेवर स्थित बीपीसीएल पंप शामिल हैं। संबंधित जाँच अधिकारियों बीपीसीएल तेवर और एचपी घाना पंप में सीबीजी से सम्बंधित कारणों की जाँच की गई हैं।
3 दिन में सौंपनी है रिपोर्ट
अपर कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में जांच दलों को शिकायत पत्र में वर्णित सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच कर स्पष्ट अभिमत सहित तीन दिवस के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
