सतना . मंगलवार को आयोजित नगर सरकार के मंत्रिमण्डल की बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को हरी झण्डी दिखाई गई. जिसमें से एक शहर में 4 नए सार्वजनिक शौचालय के साथ-साथ 35 नए यूरिनल बनाए जाने का प्रस्ताव भी शामिल है. इसके लिए मेयर-इन-कौंसिल द्वारा 140.68 की राशि को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई.जनसंपर्क अधिकारी नगर निगम धीरज कुमार मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को ननि के महापौर योगेश कुमार ताम्रकार की अध्यक्षता मेयर-इन-कौंसिल की बैठक आयोजित हुई. स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के अंतर्गत शहर में 4 नए सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण किया जाएगा. इसके साथ ही शहर के विभिन्न 35 स्थानों पर नए युरिनल यानी मूत्रालय बनाए जाएंगे. इसके लिए विभाग द्वारा 140.68 लाख रु का प्रस्ताव तैयार किया गया था. जिसे मंगलवार को आयोजित बैठक में एमआईसी द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई. इसी कड़ी में वार्ड क्र. 41 मुख्य बाजार क्षेत्र में फुल विड्थ डामरीकरण के साथ-साथ ननि क्षेत्र के जोन 3 और 4 की क्षतिग्रस्त मुख्य सडक़ों के डामरीकरण के लिए 85.50 लाख रु की अतिरिक्त राशि को स्वीकृति प्रदान कर दी गई. इसी कड़ी में संबंधित संविदाकार को दण्ड सहित 31 दिसंबर तक के लिए समयावृद्धि प्रदान कर दी गई. वहीं दूसरी ओर एमआईसी द्वारा कड़े तेवर अपनाते हुए दुकान का बकाया किराया जमा न होने के कारण सिंधी कैंप की दुकान क्र. 77 मथुरा प्रसाद पाण्डेय और दुकान क्र. 58 राजेश कुमार गौतम की दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया गया. इन दुकानों की निविदा के माध्ययम से पुन: आवंटन की कार्रवाई की जाएगी.
पदोन्नति को हरी झण्डी
नगर सरकार के मंत्रिमण्डल की अधिकारिता के आधीन पदों की पदोन्नति से संबंधित प्रस्ताव को भी मंगलवार को मंजूरी मिल गई. इस संबंध में विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक 16 जुलाई को अयोजित हुई थी. जिसके आधार पर तैयार प्रस्ताव को एमआईसी ने हरी झण्डी दे दी. इस पदोन्नति से लाभांवित होने वाले ननि के अभियंताओं में अतुल सिंह सहायक अभियंता को कार्यपालन यंत्री, के साथ-साथ उपयंत्री आकाश कुमार बट्टी, जिशान चिश्ती और आदित्य शर्मा को सहायक यंत्री बनाए जाने की स्वीकृति को पुष्टि प्रदान कर दी गई.
