
बुधनी। छेघरा स्थित ट्राइडेंट फैक्ट्री के समीप मंगलवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक पर सवार दो युवकों को रौंद दिया. दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय मृतक अंकित मीना पिता केवल मीना तथा 18 वर्षीय राजा कीर पिता सियाराम दोनों ग्राम पाताल खो के निवासी थे. वह बाइक से बुधनी की ओर आ रहे थे. तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर घायल हो गए. उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं दोनों युवक के शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं.
यह हादसा ऐसे मार्ग पर हुआ है, जहां बुधनी ओवरब्रिज से नर्मदा पुल तक दिनभर भारी वाहनों का दबाव बना रहता है. पूर्व में भी इस मार्ग पर कई गंभीर हादसे हो चुके हैं. नगरवासियों का कहना है कि भारी वाहनों के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. पूर्व में नागरिकों ने नगर क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और नो-एंट्री व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था.
