जबलपुर: एक युवती ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की। गनीमत रही कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने समय रहते युवती को रोक लिया।बेलबाग थाना क्षेत्र के चौधरी मोहल्ला निवासी युवती का आरोप है कि पिछले 6 वर्षों से रायसेन निवासी एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया। लंबे समय तक यौन शोषण करने के बाद अब आरोपी युवक दूसरी युवती से शादी करने की तैयारी कर रहा है। जब पीड़िता ने उस पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो वह अपनी बात से मुकर गया और उसे छोड़ दिया। पीड़िता का यह भी कहना है कि वह इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही है।
करीब 7 दिन पहले वह अपनी शिकायत लेकर बेलबाग थाने भी पहुँची थी और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया था। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे परेशान होकर आज पीड़िता ने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया। घटना के बाद पीड़िता को तुरंत सुरक्षित हिरासत में लेकर बेलबाग थाने भेजा गया। वहीं बेलबाग थाना प्रभारी जितेंद्र का कहना है कि युवती मामले में एफआईआर नहीं चाहती है वह सिर्फ प्रेमी से शादी करना चाहती है। मामले की जाँच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पीड़िता की काउंसलिंग कर रही है अगर पीड़िता कार्रवाई के लिए तैयार होती है तो पुलिस नियम अनुसार प्रकरण दर्ज कर करेगी।
