
भोपाल। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने मध्यप्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के समन्वयक एवं एनएसयूआई के राष्ट्रीय सह-प्रभारी डॉ. अंशुल त्रिवेदी, एनएसयूआई मध्यप्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे तथा दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष राहुल झांसला शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और लगातार हो रहे परीक्षा प्रश्नपत्र लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग की निंदा करते हुए केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।
आशुतोष चौकसे ने कहा कि नीट परीक्षा पत्र लीक ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा सुधारों पर ठोस कदम उठाने के बजाय छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शन में एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र भी शामिल रहे।
