नयी दिल्ली 18 सितंबर (वार्ता) केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर घुसपैठियों के दम पर चुनाव जीतने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि विपक्षी पार्टी चाहती है कि घुसपैठिये मतदाता सूची में बने रहें क्योंकि उनको भारत के लोगों पर भरोसा नहीं है और वह इन्हीं लोगों के आधार पर चुनाव जीतना चाहती है।
श्री शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत आज दिल्ली सरकार की लगभग 1723 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद कहा कि क्या हमारी मतदाता सूची से घुसपैठियों को हटाना चाहिए या नहीं? उन्होंने विपक्ष से पूछा कि वह घुसपैठिया बचाओ यात्रा निकालकर किसे बचाना चाहता है? उन्होंने कहा कि “घुसपैठिया बचाओ यात्रा” निकालने वाले मुख्य विपक्षी दल के नेता घुसपैठियों के दम पर चुनाव जीतना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी चाहती है कि घुसपैठिये मतदाता सूची में बने रहें क्योंकि विपक्षी पार्टी को भारत के लोगों पर भरोसा नहीं है और वह घुसपैठियों के आधार पर चुनाव जीतना चाहती है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी विशेष गहन पुनरीक्षण और मतदाता सूची को शुद्ध करने के अभियान का समर्थन करती है।
उन्होंने कहा , “आज देश का हर नागरिक और दुनियाभर में भारत के सभी मूल निवासी हृदय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु होने और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं। जब श्री मोदी देश के प्रधानमंत्री बने तब उनके जन्मदिन को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। पिछले 11 साल से पूरा देश 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाता आ रहा है। सेवा पखवाड़े के तहत देशभर की ग्राम पंचायतें, ज़िला पंचायतें, राज्य सरकारें और भारत सरकार के विभिन्न कार्यालय न सिर्फ सफाई बल्कि गरीबो के कल्याण के लिए कई योजनाओं की शुरूआत भी करते हैं। आज 17 सितंबर के दिन दिल्ली सरकार ने भी सेवा पखवाड़े की शुरूआत की है और 17 जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ हो रहा है।”
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर मनाए जाने वाले सेवा पखवाड़े में हमारी सरकार ने हर व्यक्ति के कल्याण की चिंता करने की परंपरा शुरू की है। पिछले 11 साल में प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 60 करोड़ गरीबों को न सिर्फ सुविधाएं दीं, बल्कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का काम भी किया है। पचीस करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाना और 60 करोड़ लोगो के जीवन में प्राथमिक सुविधाएं देना एक बहुत बड़ा प्रयत्न और संकल्प है। आज की यह शुरूआत देश के हर युवा को प्रधानमंत्री के जीवन से प्रेरणा लेकर सेवा के रास्ते पर चलने के लिए संकल्पित करेगी।
उन्होंने कहा कि राजधानी दिल्ली में किसी भी पार्टी की सरकार हो , श्री मोदी ने कभी भेदभाव नहीं किया और दिल्ली को जो भी मिलना चाहिए था हमेशा उससे ज़्यादा ही दिया। पूर्ववर्ती सरकारें दिल्ली के साथ भेदभाव करती थीं। उन्होंने कहा कि श्री मोदी द्वारा लाई गई 5 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा की योजना को दिल्ली की पूर्ववर्ती सरकार ने लागू नहीं किया था।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के 140 करोड़ लोगों को अपना परिवार माना है और अपना पूरा जीवन देश के लोगों के कल्याण के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले 11 साल में देश को सुरक्षित करने, आर्थिक रूप से विकसित बनाने, हर गरीब के घर में नया उत्साह, ऊर्जा और सुविधाएं पहुंचाने और हर बच्चे के मन में महान भारत का संकल्प भरने का काम किया है।
श्री शाह ने कहा कि पूरे देश की लंबे समय से इच्छा थी कि अयोध्या में राम मंदिर बने और प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में वहां भव्य मंदिर बन गया है। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनाना हो, सोमनाथ मंदिर को फिर से सोने का बनाने की शुरूआत करनी हो या करतारपुर साहिब कॉरिडोर बनाना हो, सालों से लंबित ऐसे कई मसलों को श्री मोदी ने समाप्त कर दिया। देश से धारा 370 को हटाने का काम श्री मोदी ने अपने दूसरे कार्यकाल में कर दिखाया।
गृह मंत्री ने कहा कि दिल्ली में आज नरेला-बवाना वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की शुरूआत हुई है। इससे तीन हज़ार टन कचरे और ओखला प्लांट में दो हज़ार टन कचरे से बिजली बनाने की व्यवस्था होगी जिससे सर्कुलर इकोनॉमी बढ़ेगी और ग्रीन एनर्जी भी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली वालों को शर्मिंदा करने वाले बड़े-बड़े कूड़े के पहाड़ से मोदी सरकार बिजली बनाने की शुरुआत कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जनता के उपयोग की हर वस्तु पर अब 28 और 18 प्रतिशत की जगह 5 प्रतिशत और शून्य प्रतिशत जीएसटी लगाने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री ने आम आदमी के उपयोग की 395 चीज़ों पर या तो कर को शून्य या 5 प्रतिशत कर दिया है।
श्री शाह ने कहा कि लोगों को स्वदेश में निर्मित चीज़ों को ही खरीदना चाहिए और अब समय आ गया है कि भारत का हर नागरिक देश में बनी वस्तुएं खरीदने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं का चलन बढ़ाना हम सबका स्वभाव और संकल्प होना चाहिए, तभी हम मिलकर एक समृद्ध भारत का संकल्प सिद्ध कर सकेंगे।

