अमौधा में सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर चोरी

सतना: जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत अमौधा इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया. चोर मुख्य गेट और अलमारी का ताला तोड़कर घर से सोने-चांदी के कीमती जेवर चुरा ले गए. खास बात यह है कि घर में घुसने वाले पांचों नकाबपोश बदमाश आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं. पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और धरपकड़ में जुटी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 13 नवंबर की रात की है. अमौधा निवासी कल्याणी ठाकुर के मकान को चोरों ने सूना पाकर निशाना बनाया. घटना के वक्त कल्याणी अपने पैतृक गांव चितहरा गई हुई थीं, और घर पर कोई मौजूद नहीं था. बदमाशों ने शातिर तरीके से मुख्य गेट का ताला तोड़ा और घर के अंदर प्रवेश किया. इसके बाद उन्होंने बेडरूम में रखी अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर समेट लिए तथा मौके से फरार हो गए. सुबह जब पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा हुआ देखा, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कल्याणी ठाकुर को दी.

गांव से वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि बेडरूम का पूरा सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ है. पीड़िता द्वारा की गई शुरुआती जांच और थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, चोर घर से सोने की चेन, चांदी की पायल, अंगूठी समेत अन्य कीमती सामान चुरा ले गए हैं. कल्याणी ठाकुर ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर चोरी की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. फुटेज में दिख रहे पांचों नकाबपोश संदिग्धों की तलाश तेजी से की जा रही है.

Next Post

मुर्मु, राधाकृष्णन, मोदी और बिरला ने संसद भवन परिसर में भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

Sun Nov 15 , 2026
नयी दिल्ली, 15 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। […]

You May Like

मनोरंजन