
आलीराजपुर। एसोसिएशन ऑफ इंडियन जर्नलिस्ट (एआईजे) के तत्वावधान में जिला इकाई आलीराजपुर द्वारा 600वां विराट पत्रकार महासमागम किया गया। इसमें पत्रकार सम्मान और पत्रकार कल्याण समारोह श्री रिसॉर्ट गार्डन, खट्टाली रोड, जोबट में हुआ। कार्यक्रम में 650 से अधिक पत्रकारों, संपादकों, मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए।
एआईजे के राष्टीय अध्यक्ष विक्रम सेन ने देशभर से आए पत्रकारों और अतिथियों का स्वागत कर कहा कि एआईजे केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, अधिकार और स्वाभिमान को समर्पित राष्ट्रीय अभियान है। एआईजे 24 राज्यों और 650 से अधिक जिलों में सक्रिय संगठनात्मक उपस्थिति के साथ पत्रकारों और उनके परिवारों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन का उद्देश्य केवल सम्मान समारोह आयोजित करना नहीं, बल्कि पत्रकारों के जीवन से जुड़ी वास्तविक समस्याओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं आर्थिक सहयोग के लिए स्थायी व्यवस्थाएं विकसित करना है।
किसने क्या कहा…
पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ हैं। निष्पक्ष और प्रमाणित पत्रकारिता शासन और समाज दोनों को जवाबदेह बनाती है।- एसपी रघुवंश सिंह
गांवों और दूरस्थ अंचलों में सीमित संसाधनों के बीच कार्य करने वाले पत्रकार ही वास्तविक अर्थों में पत्रकारिता के प्रहरी हैं। – क्रांति चतुर्वेदी
वर्तमान में पत्रकारिता का सबसे बड़ा दायित्व सत्य को निर्भीकता से समाज के सामने रखना है। – जीतू सोनी
एआईजे विश्व के प्रमुख पत्रकार संगठनों में अपनी पहचान बना चुका है।-पुष्पेंद्र वैद्य
पत्रकारों को अपनी कलम की शक्ति स्वयं पहचाननी होगी। – तेजकुमार सेन
पत्रकारों का सम्मान लोकतंत्र और जनचेतना का सम्मान है।- विशाल रावत
पत्रकारों के उपचार के लिए अस्पतालों ने की घोषणाएं
कार्यक्रम में संजीवनी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, बड़वानी की डायरेक्टर डॉ. रश्मि पाटीदार ने अपने संस्थान के बारे में जानकारी दी। एआईजे सदस्यों और परिवारों के लिए विभिन्न उपचारों एवं अस्पताल बिलों पर 30 प्रतिशत तक विशेष रियायत देने की घोषणा की। एसएमएस हॉस्पिटल, वडोदरा के डायरेक्टर डॉ. मृदंग भावसार ने भी कई घोषणाएं की। कार्यक्रम का संचालन अनीस शेख ने किया।
