मुख्यमंत्री ने वर्षा जनित हादसों में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए छह लाख रुपये मदद की घोषणा की

जम्मू, 20 जुलाई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राजौरी और पुंछ जिलों में वर्षा जनित हादसों में मारे गये व्यक्तियाें के परिजनों को तत्काल मदद के तौर पर छह- छह लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अचानक आई बाढ़, भूस्खलन और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में हुई मौतों पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि कोई भी आर्थिक मदद प्रभावित परिवारों को हुई जनहानि की कभी भरपाई नहीं कर सकती है फिर भी सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, ” पुंछ और राजौरी में कल अचानक आई बाढ़, भूस्खलन और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में हुई जनहानि की भरपाई किसी भी आर्थिक मदद से नहीं की जा सकती, फिर भी पीड़ित परिवारों की मदद के लिए प्रत्येक मृतक के परिवार को छह – छह लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।”

इस राहत पैकेज में राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से चार लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से अतिरिक्त दो लाख रुपये शामिल हैं। यह घोषणा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में रविवार शाम को हुई एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद की गई है। यह बैठक राजौरी और पुंछ जिलों में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं के बाद बुलाई गई थी, जिनमें कई लोगों की मौत हुई और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा।
बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत और पुनर्वास सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और जोर दिया कि उन्हें बिना किसी देरी के हर संभव मदद मिलनी चाहिए।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी सेवाओं को बहाल करने और राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच आपसी सहयोग की जरूरत पर भी जोर दिया है।

.....

Next Post

युवक की संदिग्ध मौत के बाद माधोगंज थाने के बाहर हंगामा

Mon Jul 20 , 2026
ग्वालियर। माधोगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने मृतक का शव थाने के बाहर रखकर चक्काजाम किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व […]

You May Like