जबलपुर:गढ़ा थाना क्षेत्र में एक युवती को डराने-धमकाने और पीछा करने कर प्रताडि़त करने के आरोप में जेल की हवा खा चुके आरोपी ने जमानत पर बाहर आते ही फिर से अपनी हरकतों पर उतारू हो गया। बदमाश ने पीडि़ता को बीच रास्ते में रोककर केस वापस लेने का दबाव बनाया और धमकाया कि अगर रिपोर्ट वापस नहीं ली तो हत्या कर दूंगा ।
पुलिस के मुताबिक गढ़ा निवासी युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सत्यम कोरी को बीते 4 वर्षों से जानती थी। आरोपी की अत्यधिक शराब पीने की लत और खराब व्यवहार के कारण युवती ने उससे दूरी बना ली थी। लेकिन सत्यम ने उसका पीछा करना नहीं छोड़ा। पूर्व में गढ़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज उसे जेल भेजा था। 15 मार्च 2026 को आरोपी जेल से रिहा हुआ और उसी शाम त्रिपुरी चौक पर युवती को रोककर कहा तुमने रिपोर्ट की थी लेकिन मेरा कुछ नहीं हुआ, मैं तुरंत छूट गया।
इसके बाद से ही आरोपी लगातार युवती का पीछा कर उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रहा था। 2 मई को जब पीडि़ता अपनी प्राइवेट नौकरी से घर लौट रही थी, तब शाम करीब 7 बजे चौहानी त्रिपुरी चौक के पास सत्यम ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा पिछली रिपोर्ट वापस ले लो और कोर्ट में समझौता कर लो, वरना तुझे जान से खत्म कर इसी चौहानी में फेंक दूंगा। जैसे पिछली बार छूट गया था, वैसे ही फिर छूट जाऊंगा। युवती के चिल्लाने पर जब राहगीर वहां एकत्र हुए, तो आरोपी मौके से फरार हो गया। डर के कारण युवती दो दिनों तक घर से बाहर नहीं निकली, बाद में उसने परिजनों को आपबीती सुनाई इसके बाद अब पीडि़ता ने हिम्मत कर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
