इंदौर: इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के नशे से दूरी है जरूरी 2.0 (से नो टू ड्रग्स) अभियान के तहत रविवार को शहर ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता का नया इतिहास रच दिया. शहर में 8,534 विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सामाजिक संस्थाओं, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों ने एक साथ विशाल मानव श्रृंखला बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया. इस दौरान हजारों लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी लिया.
कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने नशे के दुष्परिणामों और युवाओं की जिम्मेदारी पर विस्तार से संबोधित करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने नागरिकों से अभियान का सक्रिय हिस्सा बनने का आह्वान किया. आयोजन की एक और विशेष उपलब्धि यह रही कि हजारों लोगों को एक साथ नशे के खिलाफ जागरूकता व्याख्यान देने के आधार पर भी एक अन्य वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए दावा प्रस्तुत किया है.
इस तरह इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने एक ही आयोजन में दो विश्व रिकॉर्ड दर्ज कराने की दिशा में कदम बढ़ाया है. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों व समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया. पुलिस का नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान लगातार स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से शहरभर में नशामुक्ति का संदेश पहुंचा रहा है.
