ऑटो, बस और मैजिक बने नशामुक्ति के दूत, पुलिस की अनूठी पहल

रतलाम। नशे के खिलाफ चल रहे ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान को अब शहर की सडक़ों का भी साथ मिल गया है। रतलाम पुलिस ने शनिवार को रेलवे स्टेशन और दिलबहार चौराहा क्षेत्र में ऑटो, मैजिक, यात्री बसों और स्कूल बसों को नशामुक्ति का संदेशवाहक बनाते हुए उन पर जागरूकता पोस्टर लगाए। इसके साथ ही वाहन रैली निकालकर आमजन को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया गया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य रोजाना सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने वाले हजारों लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना रहा। अधिकारियों ने कहा कि इन वाहनों पर लगे संदेश लोगों को सफर के दौरान भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। कार्यक्रम के दौरान ऑटो, मैजिक, यात्री बस और स्कूल बस चालकों के साथ यात्रियों एवं आम नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। दिलबहार चौराहे से जनजागरूकता वाहन रैली निकाली। पोस्टरों से सजे वाहनों ने शहर में भ्रमण कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया और नशे के खिलाफ सामाजिक भागीदारी का संदेश दिया। रतलाम पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी पोस्टर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, डीएसपी यातायात आनंद स्वरूप सोनी, डीएसपी पार्वती गौड़, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, थाना प्रभारी यातायात राजशेखर वर्मा, थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन, यातायात सूबेदार अनोखीलाल परमार सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Post

गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ बनाने की हुंकार

Sun Jul 19 , 2026
रतलाम। गौ माता को संवैधानिक रूप से ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। देशव्यापी ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत 27 जुलाई को जिलेभर के संतों, गौभक्तों और सामाजिक संगठनों की मौजूदगी में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम 32 सूत्रीय मांगों का […]

You May Like