भोपाल। मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) के ड्राफ्ट को कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक फैसला बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विजन को आगे बढ़ाने वाला है और मध्य प्रदेश इस दिशा में देश के लिए मिसाल बन रहा है।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि UCC लागू होने से सभी नागरिकों के लिए समान वैवाहिक व्यवस्था सुनिश्चित होगी। उन्होंने दावा किया कि एक से अधिक विवाह पर रोक लगाने की दिशा में यह बड़ा कदम है, जिससे समाज में समानता और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि UCC से जनसंख्या संतुलन, संसाधनों का बेहतर उपयोग और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। शर्मा ने कहा कि यह फैसला केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के हित में एक ऐतिहासिक निर्णय साबित होगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य सरकार को इस फैसले के लिए बधाई देते हुए कहा कि सरकार का यह कदम प्रदेश में समान कानून और समान अधिकार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
