इंदौर: चंदन नगर थाना क्षेत्र के राज नगर में रविवार सुबह एक कारखाना संचालक का घर की पहली मंजिल पर खून से सना शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जबकि शव के पास खून से सना चाकू भी पड़ा था. प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की आशंका मानकर मामले की पड़ताल में जुट गई है.
मृतक की पहचान 50 वर्षीय कमल कुमावत के रूप में हुई है, जो अलमारी बनाने का कारखाना संचालित करते थे. रविवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर उनके भाई शेखर ऊपर पहुंचे. कमरे का दरवाजा खोलते ही अंदर खून फैला हुआ था और कमल का शव पड़ा मिला. सूचना मिलते ही चंदन नगर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए. प्रारंभिक जांच में कमरे का सामान भी अस्त व्यस्त मिला है, जिससे घटना से पहले संघर्ष होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना चाकू भी बरामद किया है. हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और परिजनों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
जांच की जा रही है
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या का प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. हत्या के कारण और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.
एसीपी, शिवेन्दु जोशी
