मुंबई, 18 मई (वार्ता) विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को बिकवाली हावी रही, हालांकि दिग्गज कंपनियों में बाद में हुई लिवाली से प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 77.05 अंक (0.10 प्रतिशत) बढ़कर 75,315.04 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी लगभग पूरे दिन लाल निशान में रहने के बाद 6.45 अंक यानी 0.03 प्रतिशत ऊपर 23,649.95 अंक पर रहा। डॉलर की तुलना में रुपये में जारी नरमी और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में तेजी से बाजार में निवेश धारणा कमजोर है। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया आज 58 पैसे टूटकर 96.39 रुपये प्रति डॉलर के ऐतिहासिक निचले स्तर तक फिसल गया। वहीं, कच्चा तेल एक प्रतिशत चढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया।
सेंसेक्स 430 अंक की गिरावट में खुला और सुबह के समय ही 1,057 अंक टूटकर 74,180.26 अंक तक उतर गया था। हालांकि आखिर आधे घंटे में हुई लिवाली से सूचकांक में तेजी लौट आयी। वृहत बाजार में बिकवाली का जोर रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.07 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.26 प्रतिशत गिर गया। इस बीच, आईटी सेक्टर में जबरदस्त तेजी रही और इसका सूचकांक 2.43 प्रतिशत चढ़ा। फार्मा, स्वास्थ्य और निजी बैंकों के समूहों में भी बढ़त रही। सार्वजनिक बैंकों, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, ऑटो, तेल एवं गैस, धातु और मीडिया समूहों के सूचकांकों में गिरावट रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा का शेयर करीब साढ़े चार प्रतिशत और इंफोसिस का दो प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त में बंद हुआ। भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, सन फार्मा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और बजाज फाइनेंस के शेयर एक से दो प्रतिशत तक चढ़े। टीसीएस, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, बीईएल, अल्ट्राटेक सीमेंट और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी हरे निशान में रहे। टाटा स्टील में करीब सवा तीन प्रतिशत और पावर ग्रिड में तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। भारतीय स्टेट बैंक का शेयर सवा दो प्रतिशत से अधिक नीचे चल रहा है। एनटीपीसी, ट्रेंट, मारुति सुजुकी और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर एक से दो प्रतिशत तक लुढ़क गये। इंडिगो, हिंदुस्तान यूनीलिवर और एक्सिस बैंक के शेयर नीचे बंद हुए।

