मानसून तैयारियों की समीक्षा, संबंधित एजेंसियों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश

पटना, 18 जुलाई (वार्ता) मानसून के दौरान विभिन्न एजेंसियों द्वारा पटना नगर निगम क्षेत्र में कार्य किये जा रहे हैं। इस क्रम में कुछ स्थलों पर सड़क की खुदाई की जा रही है जिससे न केवल जलजमाव की संभावना है बल्कि दुर्घटना की भी आशंका बनी हुई है। आम जन से लेकर निगम की अन्य टीमों से मिल रही रिपोर्ट के आलोक में नगर आयुक्त द्वारा शनिवार को विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया गया एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गए।

चांदमारी रोड, तारकेश्वर पथ एवं लिंक रोड के निरीक्षण के दौरान लगभग 300 मीटर सड़क खुदी हुई पाई गई। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि बिजली केबल बिछाने के लिए संवेदक द्वारा सड़क की खुदाई की गई है।

नगर आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शनिवार रात्रि तक गड्ढों को भरकर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए।

बाकरगंज नाले में जल प्रवाह की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। वर्षा के दौरान निर्बाध जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीम तैनात कर प्रतिदिन फ्लोटिंग कचरे की सफाई कराने के निर्देश दिए गए।

मीठापुर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर आयुक्त ने बिहार पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता को वर्धमान लाइन में 130 मीटर तथा इसके सामने वाली लेन में 230 मीटर लंबी एचजीडी पाइप लगाने के निर्देश दिये।

आगामी विधानसभा मानसून सत्र के दौरान वर्षा की स्थिति में सुगम जलनिकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत विधानसभा परिसर में सुपर सकर मशीन एवं आवश्यकतानुसार पंप सेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, परिसर में बुडको द्वारा 83 एचपी क्षमता के पंप भी अधिष्ठापित किए गए हैं।

नगर आयुक्त ने परिसर की नियमित साफ-सफाई एवं जलनिकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान पटना नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी, कंकड़बाग प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, बिहार पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता, कंकड़बाग विद्युत प्रमंडल-1 के कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग के महाप्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

Next Post

पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा नुकसान, 2 लाख रुपये से भरा बैग वापस मिला

Sat Jul 18 , 2026
भोपाल। छोला मंदिर थाने की एफआरवी टीम की सतर्कता से एक युवक का दो लाख रुपए कैश से भरा चोरी होने से बच गया. युवक को पुलिसकर्मी ने बैग वापस दिलाया. एफआरवी में आरक्षक भरत शर्मा भानपुर पुलिस चौकी पर तैनात थे. युवक के बैग में 3 मोबाईल और 2 […]

You May Like