
भिंड। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव आज देर शाम भिंड जिले में रावतपुरा धाम पहुंचे। वे यहां पूजा-अर्चना करने के बाद रामकथा में शामिल हुए और रावतपुरा धाम के महंत रविशंकर महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल भी आए हैं। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर निर्धारित समय से लगभग एक घंटे की देरी से रावतपुरा धाम में बने हेलीपैड पर उतरा। हेलीपैड पर प्रदेश सरकार के नवीन और नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री की अगवानी की। मुख्यमंत्री ने हेलीपैड पर हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने रेलिंग पर खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका स्वागत स्वीकार किया।
इस अवसर पर सांसद संध्या राय, लहार विधायक अम्बरीश शर्मा गुड्डू, भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह, चंबल कमिश्नर सुरेश कुमार, कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा और एसएसपी डॉ. असित यादव सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
