
जबलपुर। अधारताल थाना थाना अंतर्गत पटेल नगर व्हीकल मोड़ में पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसियों ने नर्सिंग कर्मी महिला को सुबह में धमकी दी और आधी रात को स्कूटी से आकर आंगन में एक के बाद एक दनादन तीन सुअरमार बम फोड़ दिए। धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पटेल नगर निवासी 34 वर्षीय प्रीति सिंह शीतल छाया हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ हैं। गत सुबह करीब 9 बजे वह घर के बाहर खड़ी थीं। तभी पड़ोस में रहने वाला प्रिंस साहू और दक्ष राजपूत वहां से निकले। पुराने मकान विवाद को लेकर दोनों ने प्रीति को रोका और धमकी दी कि आज रात तेरे घर में बम फिकवाएंगे। उस समय प्रीति ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और ड्यूटी पर चली गईं। रात करीब 12 बजे प्रीति अपने पति अविनाश सिंह, सास प्रमिला सिंह और बच्चों के साथ सो चुकी थीं। रात के करीब 2:15 बजे अचानक घर के बाहर स्कूटी रुकी। स्कूटी पर दक्ष राजपूत अपने एक साथी के साथ आया था। दक्ष ने घर के बाहर खड़े होकर विवाद शुरू कर दी। उसने चिल्लाकर कहा, तुमने प्रिंस साहू से दुश्मनी ली है, अब उसका सबक झेलो। इतना बोलते ही स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने प्रीति के घर के आंगन में तीन सुअरमार बम फेंके। बम जोरदार धमाके के साथ फटे और उनके परखच्चे उड़ गए। धमाके की आवाज सुनकर जब तक प्रीति और उनका परिवार डरकर बाहर आया, तब तक दक्ष अपने साथी के साथ स्कूटी से फरार हो चुका था। घटना के बाद सहमे परिवार ने थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी प्रिंस साहू, दक्ष राजपूत और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
