
नीमच। ग्वालटोली स्थित प्रजापति मोहल्ले में शनिवार को एक 40 वर्षीय युवक ने अपने घर की तीसरी मंजिल पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान ग्वालटोली निवासी अनिल प्रजापति (40) पुत्र मदनलाल प्रजापति के रूप में हुई है।
परिवार के लोगों ने जब घर की तीसरी मंजिल पर जाकर देखा, तो अनिल फंदे पर लटके हुए थे। परिजन उन्हें तुरंत फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टर्स ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। केंट पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया।
मानसिक बीमारी का चल रहा था इलाज
बताया जा रहा है कि अनिल पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे, जिसके इलाज के लिए परिजन उन्हें राजस्थान के उदयपुर ले गए थे। पूरा परिवार शुक्रवार शाम को ही उदयपुर के अस्पताल से इलाज करवाकर घर वापस लौटा था।
कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल, आत्महत्या की असली वजह सामने नहीं आ पाई है। केंट पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है, ताकि यह साफ हो सके कि अस्पताल से लौटने के तुरंत बाद ऐसी क्या वजह रही, जिसके चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
