स्काईरूट एयरोस्पेस युवाओं की प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और उद्यमशीलता की भावना का प्रतीक :मोदी

नयी दिल्ली 18 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्काई रूट एयरोस्पेस विक्रम 1 के प्रक्षेपण को देश की अंतरिक्ष यात्रा के लिए ऐतिहासिक क्षण करार देते हुए युवाओं की प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और उद्यमशीलता की भावना का प्रतीक बताया है।

श्री मोदी ने प्रक्षेपण से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे अंतरिक्ष-क्षेत्र के सुधार नवाचार और उद्यम के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।

उन्होंने कहा,” भारत की अंतरिक्ष यात्रा के लिए एक ऐतिहासिक नया क्षितिज! आज प्रातः 11 बजकर 30 मिनट पर स्काईरूट एयरोस्पेस विक्रम-1 का प्रथम कक्षीय प्रक्षेपण होगा, जो भारत का पहला निजी रूप से विकसित प्रक्षेपण यान है।

यह चार-चरणीय रॉकेट तीव्र तथा मांग के अनुसार प्रक्षेपण सेवाएँ प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह मिशन हमारे युवाओं की प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और उद्यमशीलता की भावना को उजागर करता है। यह यह भी दर्शाता है कि हमारे अंतरिक्ष-क्षेत्र के सुधार नवाचार और उद्यम के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा,” सफल प्रक्षेपण के लिए संपूर्ण स्काईरूट एयरोस्पेस दल को मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ। विक्रम-1 नई ऊँचाइयों तक पहुँचे, इतिहास रचे और नवप्रवर्तकों की एक पीढ़ी को प्रेरित करे। मैं सभी भारतवासियों, विशेषकर अपने युवा मित्रों से आग्रह करता हूँ कि वे इस ऐतिहासिक मिशन का अनुसरण करें और स्काईरूट दल की सफलता की कामना करें।”

स्काईरूट एयरोस्पेस द्वारा भारत के पहले निजी ऑर्बिटल रॉकेट विक्रम-1 का प्रक्षेपण आज आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से किया जाएगा।

 

Next Post

सप्ताह भर के सूखे के बाद 28 मिमी बारिश की सौगात

Sat Jul 18 , 2026
सतना : सप्ताह भर के सूखे और भीषण उमस के दौर के बाद गुरुवार की दरे रात बादल अचानक मेहरबान होते नजर आए जिसके चलते शहर में 12 घंटे के अंतराल में 28 मिमी बारिश दर्ज कर ली गई. हलांकि तापमान में अपेक्षित कमी नहीं आने के चलते उमस का […]

You May Like