इंदौर: शहर के एक निजी मेडिकल कॉलेज के थर्ड ईयर के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छात्र ने कॉलेज हॉस्टल परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया था. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया, पुलिस मामले की जांच कर रही है.मृतक की पहचान रामगोपाल पाल उम्र 21 साल निवासी रामगढ़ (बड़वाह) के रूप में हुई है.
वह निजी मेडिकल कॉलेज में थर्ड ईयर का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था. बुधवार दोपहर उसने हॉस्टल परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया. कॉलेज प्रबंधन ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रात में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस को छात्र के कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. हालत गंभीर होने के कारण उसके बयान भी दर्ज नहीं किए जा सके.
