अब सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स भी नशे के खिलाफ मैदान में

इंदौर: नशे के बढ़ते जाल को तोड़ने के लिए अब इंदौर पुलिस ने सोशल मीडिया की ताकत को भी अभियान का हिस्सा बनाया है. गुरुवार को पहली बार शहर के 200 से अधिक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और मीडिया प्रतिनिधि पुलिस के साथ एक मंच पर नजर आए. पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में पहले नशे के खिलाफ संवाद हुआ, फिर सभी ने नशामुक्ति की शपथ ली. इसके बाद सड़क पर उतरकर पुलिस कमिश्नर ऑफिस से पलासिया चौराहे तक जागरूकता रैली निकालते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की.

मध्यप्रदेश पुलिस के नशे से दूरी 2.0 अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि ड्रग्स का बढ़ता चलन सबसे ज्यादा युवाओं को प्रभावित कर रहा है. ऐसे में पुलिस की कार्रवाई के साथ समाज की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज लाखों लोगों तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है, इसलिए इन्फ्लूएंसर्स की जिम्मेदारी केवल कंटेंट बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा देने की भी है. कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह, डीसीपी जोन 2 अमन सिंह राठौर, एडीसीपी क्राइम राजेश डंडोतिया सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने सामूहिक रूप से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली.

कार्यक्रम में भावनात्मक पहलू भी आया सामने
कार्यक्रम में भावनात्मक पहलू भी उस समय सामने आया, जब विशेष बच्चों ने अपनी बनाई पेंटिंग और स्लोगन के जरिए नशामुक्त समाज का संदेश दिया. पुलिस आयुक्त ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की. संवाद कार्यक्रम के बाद पुलिस अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स ने पोस्टर और तख्तियां हाथ में लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय से पलासिया चौराहे तक रैली निकाली. रास्ते भर लोगों को नशे के दुष्परिणाम बताते हुए ‘नशे से दूरी है जरूरी’ का संदेश दिया. संचालन एडीसीपी राजेश डंडोतिया ने किया

Next Post

डेरी संचालकों पर जुर्माना, एफआईआर होगी

Fri Jul 17 , 2026
जबलपुर: नगर निगम मजिस्ट्रेट अरुण गोयल के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में संचालित अवैध डेरी व्यवसाय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान विभिन्न डेरी परिसरों का निरीक्षण किया गया, जहां लगभग 250 भैंसें पाई गईं। निरीक्षण के दौरान डेरी संचालक अमन यादव पर नगर निगम नियमों […]

You May Like