
जबलपुर। चरगवां थाना अंतर्गत ग्राम सूखा में बीती रात शातिर चोरों ने घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाई और अंदर कमरे की भी दीवार तोड़कर अलमारी में रखे सोने के जेवर और 75,000 नगद समेटकर रफूचक्कर हो गए। वारदात के दौरान पीड़ित परिवार घर में ही सोता रहा, लेकिन उन्हें भनक तक नहीं लगी।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम सूखा निवासी घनश्याम यादव (50) पेशे से किसान हैं। बुधवार रात को वह रोजाना की तरह खाना खाकर घर के दहलान में सो गए थे। उनका छोटा बेटा अजय और छोटी बहू भी खाना खाकर अपने कमरे में सोए हुए थे। पूरा परिवार गहरी नींद में था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर के पिछले हिस्से को निशाना बनाया।
सुबह उठते ही उड़े होश
गुरुवार, सुबह करीब 6 बजे बेटे अजय की आंख खुली। उसने घर के पिछले हिस्से में दीवार टूटी देखी, तो उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत पिता घनश्याम यादव को जगाया। जब सबने जाकर देखा तो चोरों ने पहले मकान की बाहरी दीवार तोड़ी और फिर अंदर के कमरे की दीवार में भी बड़ा छेद कर दिया था। चोर उसी रास्ते से कमरे के भीतर दाखिल हुए थे। चोरों ने कमरे के भीतर रखी अलमारी का लॉक कटर या भारी औजार से तोड़ दिया। अलमारी के लॉकर में रखे सोने के 4 कीमती कंगन और 75,000 नगद गायब थे। चोरों ने बेहद शातिर तरीके से पूरी वारदात को अंजाम दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर माल समेत भाग निकले।
