बीजापुर में जिला अस्पताल के सामने अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, पहचान में जुटी पुलिस

बीजापुर, 16 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में जिला अस्पताल के सामने बुधवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान तथा मृत्यु के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से गुरुवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय बच्चों ने खेलते समय अस्पताल के सामने शव पड़ा देखा और इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव रात से ही घटनास्थल पर पड़ा था। लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण शव का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे मृतक की शिनाख्त में कठिनाई हो रही है।

सूचना मिलने पर बीजापुर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

बीजापुर सिटी कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

 

Next Post

नशे की लत पूरी करने चुराते थे मोटर और पंखे

Thu Jul 16 , 2026
इंदौर: नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन युवकों को चंदन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से कोरल वैली कॉलोनी से चोरी गई दो पानी की मोटर और चार एग्जॉस्ट फैन, करीब 30 हजार रुपए का सामान बरामद […]

You May Like