खूब भाया लड्डू,चना, और मूंगफली, बच्चों के साथ सीएम ने बिताया समय 

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उज्जैन पहुंचे। हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पुलिस विभाग में पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस बैंड की धुन के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों को स्टार लगाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बच्चों की मनपसंद खाद्य सामग्री का वितरण किया। जिसमें मूंगफली चना और लड्डू शामिल रहे।

इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम सदावल स्थित स्वेज फार्म सक्षम आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया, उनकी पढ़ाई, खेलकूद और दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा बच्चों को दुलार करते हुए झूला भी झुलाया। बच्चों ने गुलाब का फूल भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को लड्डू, चना और मूंगफली के पैकेट वितरित किए तथा उनके साथ समय बिताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल का स्थान नहीं, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास की पाठशाला हैं। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर टीकाकरण तथा खेल-खेल में सीखने का वातावरण उपलब्ध कराना है।

हित लाभ वितरण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी योजना की बालिकाओं को आश्वासन प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की पात्र महिलाओं को हितलाभ वितरित किया। उन्होंने हितग्राही बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर नव-नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं तथा पदोन्नत अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान भी किया गया। विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने स्वागत उद्बोधन दिया।

 

पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन-यह रहे मौजूद

कार्यक्रम स्थल पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण आहार सप्ताह के अंतर्गत लगाई गई पोषण प्रदर्शनी का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित पौष्टिक खाद्य सामग्री, स्थानीय पोषण उत्पादों और जनजागरूकता गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि कुपोषण मुक्त मध्यप्रदेश के लक्ष्य को प्राप्त करने में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में आम, पीपल, बरगद, नीम, सुरजना और जामफल के पौधे लगाए। उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रत्येक व्यक्ति द्वारा कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आग्रह करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, महापौर मुकेश टटवाल, कलावती यादव, रवि सोलंकी, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।

Next Post

नशा उन्मूलन अभियान का शुभारंभ

Wed Jul 15 , 2026
दमोह।शासकीय कमला नेहरू महिला महाविद्यालय दमोह में आज दिनांक 15 जुलाई को नशा उन्मूलन अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में विविध आयोजन किए गए ।जिसमें सर्वप्रथम महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अवधेश जैन ने नशा मुक्त भारत हेतु जागरूकता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक श्री सुधांशु तिवारी […]

You May Like