
सिंगरौली । सरई तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत दुधमनियां के बड़काडोल स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय पूर्ण टोला की बदहाल स्थिति शिक्षा व्यवस्था की हकीकत बयां कर रही है। विद्यालय भवन करीब दो वर्षों से जर्जर होने के कारण अनुपयोगी पड़ा है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत या नए भवन के निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
भवन असुरक्षित घोषित होने के बाद कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 5 में संचालित कराई जा रही है। जानकारी के अनुसार यह व्यवस्था जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा महज दो माह के लिए अस्थायी रूप से की गई थी, लेकिन यही व्यवस्था अब दो वर्ष से जारी है। सीमित स्थान वाले आंगनबाड़ी भवन में बच्चों को बैठने, पढ़ाई करने और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता का खामियाजा मासूम विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही विद्यालय भवन की मरम्मत या नए भवन का निर्माण नहीं कराया गया तो बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा दोनों प्रभावित होंगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से तत्काल स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
