जबलपुर: ग्वारीघाट थाना अंतर्गत पुरानी पीपी कॉलोनी निवासी युवक को साइबर अपराधियों ने निशाना बनाते हुए व्हाट्सएप पर ट्रैफिक चालान की फर्जी फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर लिया और बिना ओटीपी शेयर किए खाते से एक लाख उड़ा लिए।पुलिस के मुताबिक, पुरानी पीपी कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय आशीष गोल्हानी के व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से ई-चालान की पीडीएफ फाइल आई। आशीष ने जैसे ही उस फाइल को ओपन किया, बैकग्राउंड में उनके मोबाइल पर एक अज्ञात एप्लीकेशन अपने आप इंस्टॉल हो गई। ऐप खुलने पर जब उसमें कुछ निजी जानकारियां मांगी गईं, तो आशीष ने सतर्कता दिखाते हुए कोई जानकारी नहीं भरी और ऐप बंद कर दिया।
बिना ओटीपी बताए 4 बार में साफ हुई रकम
ऐप बंद करने के महज 10 मिनट बाद आशीष के मोबाइल पर अचानक बैंक ट्रांजैक्शन के ओटीपी आने शुरू हो गए। साइबर ठगी से वाकिफ आशीष ने यह ओटीपी किसी को भी नहीं बताया। लेकिन इसके बावजूद, अगले 10 मिनट के भीतर उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। ठगों ने उनके मोबाइल का पूरा एक्सेस (कंट्रोल) लेकर 4 किश्तों में कुल 1,00,000 उड़ा लिए।
