विनय असाटी
दमोह: पवित्र श्रावण मास का शुभारंभ 30 जुलाई 2026 से होने जा रहा है श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सर्वाधिक पुण्यदायी काल माना जाता है। इस अवसर पर प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी श्री देव जागेश्वरनाथ जी मंदिर ट्रस्ट समिति द्वारा देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित दर्शन-पूजन के लिए व्यापक तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं।मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनुराग श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रावण मास में विशेष रूप से प्रत्येक सोमवार, प्रदोष, शिवरात्रि तथा अन्य शुभ तिथियों पर हजारों श्रद्धालु भगवान श्री जागेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक एवं दर्शन के लिए पहुंचते हैं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा दर्शन-पूजन सुचारु रूप से संपन्न हो, इसके लिए मंदिर ट्रस्ट समिति द्वारा चरणबद्ध रूप से आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं.
उन्होंने बताया कि गत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी श्रावण मास के सोमवार को अत्यधिक भीड़-भाड़ व श्रद्धालुओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा श्रद्धालु मंदिर ट्रस्ट द्वारा निर्धारित स्थान से भगवान का जलाभिषेक व दर्शन कर सकेंगे यह व्यवस्था केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा निर्बाध दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक पंडित श्री राम कृपाल पाठक ने बताया कि मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों की कतारों का सुव्यवस्थित संचालन, पेयजल, स्वच्छता, बैरिकेडिंग, आवागमन नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है, ताकि दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा भी श्रावण मास को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं.
सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित व शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक का पुण्य लाभ प्राप्त कर सके मंदिर ट्रस्ट समिति ने समस्त शिवभक्तों से आग्रह किया है कि वे प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, कतारबद्ध होकर दर्शन करें, अनावश्यक भीड़ न करें तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। सभी श्रद्धालुओं के सहयोग से ही श्रावण मास का यह पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति, अनुशासन और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हो सकेगा श्रद्धा, सेवा और सुव्यवस्था के समन्वय के साथ श्री देव जागेश्वरनाथ मंदिर ट्रस्ट समिति श्रावण मास में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त के स्वागत व सुविधा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। बताया जाता है कि कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन में एक बैठक होना है जो जल्दी आयोजित कीजाएगी।
