
नई दिल्ली। एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड में होली का पर्व उत्साह, उमंग और सौहार्द के माहौल में मनाया गया। 3 मार्च को ईस्ट किदवई नगर परिसर और निगमित कार्यालय में कर्मचारियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
ईस्ट किदवई नगर में आयोजित कार्यक्रम में रंगों के इस पर्व को बेहद उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों के बीच आपसी भाईचारा, एकता और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के. पी. महादेवास्वामी, निदेशक (वाणिज्य) सुमन कुमार, निदेशक (वित्त) अंजीव कुमार जैन तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी श्रीमती रितु पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दीं और सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर एनबीसीसी की सांस्कृतिक समिति ‘उमंग’ द्वारा निगमित कार्यालय में टी-शर्ट पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से कर्मचारियों की रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति और टीम भावना को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने वरिष्ठ प्रबंधन की उपस्थिति में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उनके उत्साह और सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन कार्यस्थल पर सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण वातावरण को मजबूत बनाते हैं।
यह आयोजन कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय और सकारात्मक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने की एनबीसीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
