
शनिवार को मिली खबरों के अनुसार, तमिलनाडु के 39 फंसे हुए तीर्थयात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। उम्मीद है कि इन सभी पर्यटकों को रविवार अपराह्न तिब्बत से नेपाल लाया जाएगा और शाम को काठमांडू ले जाया जाएगा। वहीं, 31 अगस्त को उन्हें काठमांडू से दिल्ली के लिए हवाई जहाज़ से भेजा जाएगा। दिल्ली से तमिलनाडु की आगे की यात्रा के लिए इस समूह को दो हिस्सों में बांटा जाएगा। 39 यात्रियों में से 33 को कोयंबटूर भेजा जाएगा, जबकि बाकी छह चेन्नई पहुंचेंगे। 33 तीर्थयात्रियों को ले जाने वाली दिल्ली-कोयंबटूर उड़ान के शाम को रवाना होने और रात में कोयंबटूर पहुंचने की उम्मीद है। चेन्नई जाने वाले छह यात्रियों के भी दिल्ली से शाम की उड़ान लेने और रात में यहाँ पहुँचने की उम्मीद है।
इससे पहले 106 लोगों के दो समूहों में क्रमशः 23 अगस्त और 14 अगस्त को तीर्थयात्रा के लिए निकले थे और वे नेपाल में अचानक आई बाढ़ में फंस गये। इस समूह में कुंबाकोनम से 57 (जिनमें पुड्डुचेरी के तीन लोग शामिल थे) और चेन्नई से 49 लोग तीर्थ यात्रा पर गये थे। इनमें से कुंबाकोनम समूह के 21 लोगों को सुरक्षित बचाकर सेना के कैंप में ले जाया गया, जहाँ से उन्हें काठमांडू पहुँचाया गया। ये लोग कुड्डालोर जिले के चिदंबरम और मयिलादुथुराई के रहने वाले हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ये लोग कल शाम नेपाल की राजधानी से नयी दिल्ली पहुँचे। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मिलकर उनकी सुरक्षित वापसी के लिए उठाए गए कदमों के लिए धन्यवाद देने और वहां स्थित तमिलनाडु हाउस में राज्य के चार मंत्रियों से मिलने के बाद चेन्नई के लिए रवाना हुए और कल आधी रात से कुछ देर पहले हवाई अड्डे पर पहुँचे। उनके परिवार वालों ने भावुक होकर उनका स्वागत किया। जल संसाधन मंत्री एन आनंद ने कहा कि बाकी फँसे हुए तीर्थयात्रियों से संपर्क करने और उन्हें सुरक्षित राज्य वापस लाने की कोशिशें जारी हैं। चेन्नई पहुँचने पर, तीर्थयात्रियों ने राज्य और केंद्र सरकारों को सुरक्षित निकालने और चेन्नई वापसी सुनिश्चित करने में तेज़ी से काम करने के लिए धन्यवाद दिया।
इन 21 तीर्थयात्रियों नेकहा कि भगवान की कृपा से वे बाल-बाल बच गये। उनमें से एक ने कहा, “हम तीन बसों में यात्रा कर रहे थे। किस्मत से, हमारी गाड़ी एक मोड़ पर थी, तभी अचानक हमारे सामने सड़क पर पानी की एक विशाल लहर आ गयी। दो अन्य बसें पास में ही खड़ी थीं, लेकिन हमारी गाड़ी बाढ़ की चपेट में नहीं आई और हम बच गये।” हवाई अड्डे पर एक संक्षिप्त स्वागत समारोह के बाद, ये 21 तीर्थयात्री अपने-अपने घर के लिए रवाना हो गए और तमिलनाडु सरकार ने उनके लिए परिवहन का उचित इंतज़ाम किया है।
इस बीच, तमिलनाडु की मशहूर आध्यात्मिक प्रवचनकर्ता देसा मंगयारकरासी के नेतृत्व में 150 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था भी सुरक्षित है, लेकिन वे अभी तिब्बत के सागा में फंसे हुए हैं क्योंकि अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण नेपाल जाने वाले सभी रास्ते बंद हो गये हैं। देसा मंगयारकरासी ने एक वीडियो जारी कर बताया कि उनके समूह के सभी 150 सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। वे तिब्बत के सागा में रुके हुए हैं और बाढ़ का पानी कम होने और सड़कें खुलने का इंतज़ार कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र और तमिलनाडु सरकार से अपील की है कि वे उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएं।
