मेहंदी से हाथ-पैरों पर लिखा सुसाइड नोट, फिर जहर खाकर दी जान

छिंदवाड़ा। ससुराल की कथित प्रताड़ना से परेशान एक 32 वर्षीय महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह है कि महिला ने अपनी मौत से पहले सबूत सुरक्षित रखने के लिए कागज की बजाय अपने हाथों और पैरों पर मेहंदी से सुसाइड नोट लिखा। पुलिस ने इसे मामले का महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका प्रीति वर्मा की शादी करीब 13 वर्ष पहले लखन वर्मा से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार विवाद बढ़ने पर उसने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन हर बार समझौते के बाद वह ससुराल लौट जाती थी।

भाई ने लगाए लगातार प्रताड़ना के आरोप

मृतका के भाई हरिओम जांघेला ने बताया कि प्रीति को आशंका थी कि यदि वह कागज पर सुसाइड नोट लिखेगी तो ससुराल पक्ष उसे नष्ट कर देगा। इसी कारण उसने मेहंदी से अपने हाथ-पैरों पर पूरी आपबीती लिखी, ताकि उसके साथ हुई प्रताड़ना के सबूत सुरक्षित रह सकें।

परिजनों के मुताबिक, प्रीति ने दो से तीन बार थाने में शिकायत की थी। हर बार पति लखन वर्मा सुधार और समझौते का भरोसा देकर उसे घर ले जाता, लेकिन कुछ समय बाद फिर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न शुरू हो जाता था। लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आखिरकार यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

इलाज के दौरान हुई मौत

चौरई थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले ने बताया कि शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खाने के बाद महिला को पहले जिला अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत गंभीर बनी रही और शनिवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

Next Post

शिप्रा नदी गऊघाट पर डूबा ग्वालियर का युवक

Sun Jul 12 , 2026
उज्जैन। दोस्तों के साथ गऊघाट शिप्रा नदी नहाने पहुंचा ग्वालियर का युवक गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने उसके डूबने की सूचना पुलिस को दी। करीब डेढ़ से 2 घंटे की तलाश के बाद युवक को बाहर निकल गया उसकी मौत हो चुकी थी। सोमवार को परिजनों के आने […]

You May Like