ट्रंप के करीबी सहयोगी, वरिष्ठ रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम का निधन

वाशिंगटन, 12 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के वरिष्ठ रिपब्लिकन सीनेटर और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी लिंडसे ग्राहम का शनिवार रात संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। श्री ग्राहम के कार्यालय ने रविवार को जारी बयान में उनके निधन की पुष्टि करते हुए कहा कि उनका “संक्षिप्त और अचानक हुई बीमारी” के बाद निधन हो गया, हालांकि बीमारी के संबंध में कोई अन्य जानकारी नहीं दी गई। कार्यालय ने परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील करते हुए शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का आभार जताया। श्री ग्राहम 2002 से दक्षिण कैरोलिना का प्रतिनिधित्व करते हुए अमेरिकी सीनेट के सदस्य थे और पांचवें कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ रहे थे। इससे पहले वह दक्षिण कैरोलिना विधानसभा तथा अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) के सदस्य भी रहे। विदेश नीति, रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर ग्राहम रिपब्लिकन पार्टी की प्रमुख आवाज माने जाते थे। दो दशक से अधिक समय तक सीनेट में रहने के दौरान उन्होंने इजरायल के प्रबल समर्थन, विदेशों में अमेरिकी सैन्य भूमिका के पक्ष तथा रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद यूक्रेन को अमेरिकी सहायता जारी रखने की जोरदार वकालत की। उन्होंने 2019 से 2021 तक सीनेट न्यायिक समिति (सीनेट ज्यूडिशियरी कमेटी) के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया और बाद में सीनेट बजट समिति की भी अध्यक्षता की।

श्री ग्राहम का राजनीतिक रुख समय के साथ बदला। वर्ष 2016 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान वह डोनाल्ड ट्रंप के आलोचक थे, लेकिन बाद में श्री ट्रंप के सबसे करीबी सहयोगियों में शामिल हो गए और कांग्रेस में उनकी नीतियों के प्रमुख समर्थक बने। कैपिटल हिल पर उन्हें ट्रंप के सबसे मुखर रक्षकों में गिना जाता था।
हाल के महीनों में श्री ग्राहम ने श्री ट्रंप की टैरिफ नीति का समर्थन करते हुए कहा था कि शुल्क राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों, सीमा सुरक्षा तथा रूस का समर्थन करने वाले देशों पर दबाव बनाने में प्रभावी रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया था कि श्री ट्रंप की टैरिफ नीति के बाद भारत ने रूस से तेल खरीद में कमी की है। श्री ग्राहम ने रूस पर दबाव बढ़ाने के लिए प्रस्तावित प्रतिबंध विधेयक को शीघ्र पारित करने की भी वकालत की थी। निधन से एक दिन पहले श्री ग्राहम ने कीव में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात कर यूक्रेन के लिए अमेरिकी समर्थन दोहराया था। नौ जुलाई 1955 को जन्मे लिंडसे ओलिन ग्राहम ने तीन दशक से अधिक लंबे राजनीतिक जीवन में अमेरिकी राजनीति में महत्वपूर्ण पहचान बनायी। उन्होंने विवाह नहीं किया था और उनकी कोई संतान नहीं थी।
वॉशिंगटन में उनके निधन पर विभिन्न दलों के नेताओं और सहयोगियों ने श्रद्धांजलि दी है।

Next Post

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर संघर्ष तेज, अमेरिका-ईरान के बीच ताजा हमले

Sun Jul 12 , 2026
वाशिंगटन, 12 जुलाई (वार्ता) होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ गया है। दोनों देशों ने रविवार को एक-दूसरे पर नये सिरे से हमले किये। अमेरिका ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले करने का दावा किया, जबकि ईरान ने […]

You May Like