छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर तहसील क्षेत्र के कैंडी गांव में हर रविवार एक अनोखा और चमत्कारी दरबार सजता है, जिसे लोग अजयपार सरकार का दरबार कहकर पुकारते हैं। दरबार लगाने वाले कोई संत या महंत नहीं, बल्कि मात्र 14 वर्षीय बालक हैं, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि उनके पास अद्भुत और चमत्कारिक शक्तियां हैं।
गांव और आसपास के क्षेत्रों से लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि दरबार में अपनी मनोकामना लेकर आने वाले हर व्यक्ति की इच्छाएं धीरे-धीरे पूरी होती हैं। यही कारण है कि हर रविवार कैंडी गांव में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ता है।
यह दिव्य दरबार सुबह से शाम 5 बजे तक चलता है। इस दौरान भक्तजन पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन करते हैं। ग्रामीणों का मानना है कि अजयपार सरकार का आशीर्वाद मिलने से घर-परिवार में शांति, रोगों से मुक्ति और सुख-समृद्धि प्राप्त होती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से यहां लगातार लोगों की भीड़ बढ़ रही है और आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु यहां आ रहे हैं। कैंडी गांव अब धार्मिक आस्था का केंद्र बनता जा रहा है।
