
जबलपुर। यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और रेलवे स्टेशन परिसर में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट वेदप्रकाश सगर ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में कई लोग बिना अनुमति के खाद्य सामग्री एवं अन्य वस्तुओं की बिक्री करते पाए गए, जिस पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रेलवे मजिस्ट्रेट के निर्देश पर मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) के नेतृत्व में टिकट जांच स्टाफ, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त अभियान चलाकर कुल 22 अवैध वेंडरों को पकड़ा। इनमें से 18 वेंडरों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए प्रति व्यक्ति 2 हजार रुपये के हिसाब से कुल 36 हजार रुपये का जुर्माना मौके पर ही वसूल किया गया। वहीं 4 वेंडरों द्वारा जुर्माना जमा नहीं करने पर उनके विरुद्ध न्यायालय में पेश किए जाने के लिए चार्जशीट तैयार की गई। अभियान में वाणिज्य विभाग के टिकट जांच स्टाफ, आरपीएफ, जीआरपी के अलावा न्यायालय के रीडर एवं न्यायालयीन स्टाफ ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
