
जबलपुर। हाईकोर्ट में शुक्रवार शाम अचानक हुए आतंकी हमले ने सबको चौंका दिया। वीआईपी गेट से फायरिंग करते हुए घुसे आतंकियों पर जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दो आतंकियों को मार गिरया गया तो वहीं तीन को जिंदा दबोचा गया। सूचना पर कई थानों का बल, बीडीडीएस की टीम, फायर बिग्रेड व एंबुलेंस के वाहन मौके पर पहुंचे। अचानक सायरन बजते वाहनों और भारी पुलिस बल की चहलकदमी ने अधिवक्ताओं सहित सभी को चौंका दिया, बाद में पता चला कि एहतियात के तौर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी।
दरअसल शुक्रवार को शाम पौने पांच बजे उच्च न्यायालय जबलपुर की सुरक्षा में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा आकस्मिक आतंकी हमला एवं आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल की कार्यवाही एसपी संपत उपाध्याय एवं सिद्धार्थ चौधरी सेनानी 6 वीं वाहिनी विसबल जबलपुर के मार्ग-दर्शन में सम्पन्न करायी गई। मॉक ड्रिल की कार्यवाही में हाईकोर्ट सुरक्षा की टीम सहित बीडीडीएस, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस की टीम के द्वारा संयुक्त रूप से मॉक ड्रिल की कार्यवाही में भाग लिया गया। जिसमें मॉक ड्रिल कार्यवाही के दौरान उच्च न्यायालय परिसर की सुरक्षा, न्यायाधिपति की सुरक्षा, कोर्ट रूम की सुरक्षा एवं आकस्मिक आगजनी से बचाव की ड्रिल की गई।
दो आतंकी ढेर, तीन पकड़ाए-
माकड्रिल के दौरान हुए आतंकी हमले की कार्यवाही में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिरया तो वहीं तीन को जिंदा धर दबोचा। इसके बाद बीडीडीएस टीम द्वारा बम विस्फोटक तलाश कर पहचानने एंव उसके नष्टीकरण करने संबधित मॉक ड्रिल तथा हदृयघात की आपात स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचाने हेतु सीपीआर का प्रदर्शन भी किया। आकस्मिक आतंकी हमला मॉक ड्रिल की रूप रेखा अभ्यास एवं प्रदर्शन उच्च न्यायालय सुरक्षा जबलपुर में पदस्थ सउनि अजय परोचे के द्वारा किया गया।
न्यायाधीश व अधिकारी रहे मौजूद-
मॉक ड्रिल प्रदर्शन के दौरान कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया, सहित समस्त न्यायाधिपति एवं धर्मेंद्र सिंह राठौर रजिस्ट्रार जनरल, हर्ष सिंह बहरावत रजिस्ट्रार प्रशासन, पीएल परतेती अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हाईकोर्ट सुरक्षा, पंकज परमार उप पुलिस अधीक्षक हाईकोर्ट सुरक्षा, वैभव कुमार दुबे निरीक्षक, समरेश उपाध्याय निरीक्षक, सकन सिंह निरीक्षक, पंकज सिंह निरीक्षक बीडीडीएस, सहित उच्च न्यायालय सुरक्षा जबलपुर में पदस्थ समस्त अधिकारी- कर्मचारी एवं उच्च न्यायालय जबलपुर के भी अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।
