इंदौर: एरोड्रम थाना क्षेत्र के नगीन नगर में बुधवार दोपहर साइकिल सवार 13 वर्षीय बच्चे को बाइक ने टक्कर मार दी. हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन बाइक सवार युवक मौके से भागने के बजाय स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया जा रहा है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
13 वर्षीय हर्ष नामदेव बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे साइकिल से नगीन नगर क्षेत्र से गुजर रहा था. इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों के वाहन की उससे टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि हर्ष सड़क पर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने से बेहोश हो गया. हादसे के बाद आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े. बाइक सवार दोनों युवक भी मौके पर रुके रहे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घायल हर्ष को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है.
सूचना मिलते ही एरोड्रम पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के पिता कुंदन नामदेव के बयान दर्ज किए. घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं. फुटेज के आधार पर हादसे की परिस्थितियों और बाइक चालक की भूमिका की जांच की जा रही है. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के अनुसार, दुर्घटना के संबंध में जांच जारी है, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
